शिविर में 90 रक्तदानवीरों ने किया रक्तदान
सरायपाली।। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को दुर्गा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लम्बर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में विशाल रक्तदान शिविर एवं रक्तदानवीर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शिविर में 90 रक्तदानवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का अनुकरणीय संदेश दिया। कार्यक्रम में रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को बैग, एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना की राज्य NSS अधिकारी, उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन की सुश्री डॉ. नीता बाजपेयी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मालती तिवारी, जिला संगठक, राष्ट्रीय सेवा योजना, जिला महासमुंद ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में समाजसेविका डॉ. अनिता चौधरी, सरायपाली तथा श्री गुलाब सिंह तोमर, अध्यक्ष, दुर्गा शिक्षण एवं सेवा समिति, लम्बर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश एवं माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं स्वामी विवेकानंद की आदमकद प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
मुख्य अतिथि डॉ. नीता बाजपेयी ने महात्मा गांधी के जीवन, आदर्शों एवं विचारों से प्रेरणा लेकर उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यालय द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर की सराहना करते हुए इसे समाज सेवा की दिशा में सराहनीय पहल बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. मालती तिवारी ने राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से युवाओं को समाज सेवा से जुड़ने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. अनिता चौधरी ने कहा कि रक्तदान महादान है। प्रत्येक स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति को अवसर मिलने पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, क्योंकि रक्तदान से जरूरतमंद लोगों की जान बचाने में सहायता मिलती है।
विशिष्ट अतिथि श्री गुलाब सिंह तोमर ने वर्ष 1991 से संचालित दुर्गा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लम्बर के संस्थापक सदस्यों को याद किया तथा विद्यालय के संघर्षपूर्ण सफर और विकास की कहानी साझा की। उन्होंने सीमित वेतन एवं संसाधनों के बावजूद उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालय के शिक्षकों की प्रशंसा की।
शिविर में रक्तदान करने वाले सभी 90 रक्तदानवीरों को मंच के माध्यम से बैग, एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। समाजसेविका डॉ. अनिता चौधरी ने सभी रक्तदानवीरों को पुरस्कार प्रदान किया । इस अवसर पर उपस्थित संस्था के प्राचार्य श्री आर. के. पटेल ने सभी अतिथियों को शाल, श्रीफल एवं स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय महाविद्यालय, बलौदा की NSS कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती कमला दीवान, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुलारपाली के कार्यक्रम अधिकारी श्री के. के. नायक, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुर्गापाली के कार्यक्रम अधिकारी श्री शिव पटेल तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पैकिन के कार्यक्रम अधिकारी श्री दयानंद चौधरी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पूर्णानंद मिश्रा भी शामिल हुए। उनकी संस्था की ओर से विद्यालय के सभी शिक्षकों को स्वर्गीय श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्णिमा ज्ञानेश्वरी फाउंडेशन, श्री गिरधारी पटेल एवं समिति के सदस्यों सहित श्री ज्योति कुमार पटेल, श्री अजय कुमार जायसवाल, श्री रामकुमार मैत्री, उस्ताद अली, श्री अमित चौरसिया तथा श्री चंद्रकांत चौरसिया का विशेष योगदान रहा। श्री गिरधारी पटेल ने रक्तदानवीरों के लिए अमूल कूल पेय पदार्थ की व्यवस्था की।
इस अवसर पर व्याख्याता श्री जे. के. जायसवाल, श्री बी. एल. साहू, श्री एम. डी. मानिकपुरी, श्री सी. आर. जायसवाल, श्री एल. के. सिदार, सुश्री रेशमा साव एवं श्री खिरोद सिदार सहित NSS दलनायक सुजीत राव, दलनायिका देवकी चौहान, शाला नायक विद्या साहू, तन्नू पटेल, रविकिशन चौहान, यश चौरसिया, समस्त छात्रसंघ के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के प्राचार्य श्री आर. के. पटेल ने कार्यक्रम की सफलता के सूत्र साझा करते हुए सभी अतिथियों, रक्तदानवीरों, सहयोगियों, शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सम्पूर्ण कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना की जिला संगठक डॉ. मालती तिवारी के निर्देशन, संस्था के प्राचार्य श्री आर. के. पटेल के मार्गदर्शन तथा NSS कार्यक्रम अधिकारी श्री अजय कुमार चन्द्रा के संयोजन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह आयोजन मानवता, सेवा, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त करने वाला प्रेरणादायी प्रयास रहा।























