
पिथौरा/महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक बार फिर दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। पिथौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक प्रेमी जोड़े ने पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। हैरान करने वाली बात यह है कि पिछले 48 घंटों के भीतर महासमुंद जिले में युगल द्वारा आत्महत्या का यह दूसरा बड़ा मामला है, जिससे पूरे क्षेत्र में मातम और दहशत का माहौल है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, घटना पिथौरा थाना अंतर्गत मुराई धोवा नाला के पास की है। यहाँ एक पलसा के पेड़ पर युवक और युवती की लाश लटकती पाई गई। मृतकों की पहचान धर्मपुरा गांव के निवासी के रूप में हुई है। सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों ने नाले के पास शवों को देखा, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पिथौरा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
महासमुंद में सुसाइड की लहर?
महासमुंद जिले के लिए यह हफ्ता बेहद भारी रहा है। अभी मात्र दो दिन पहले ही भंवरपुर थाना क्षेत्र में भी एक प्रेमी जोड़े ने मौत को गले लगा लिया था। उस घटना की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि पिथौरा की इस वारदात ने प्रशासन और समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है। लगातार हो रही इन घटनाओं से जिले में युवा मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक दबाव को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।











