पिथौरा। क्षेत्र में सेवा और सहयोग के पर्याय बन चुके ‘अग्र सेवा दल’ द्वारा अपनी अटूट परंपरा को जारी रखते हुए एक बार फिर बेसहारा लोगों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया गया है। दल के सदस्यों द्वारा देर रात सड़क किनारे सो रहे जरूरतमंदों और असहाय लोगों को बड़े ही आदर के साथ गरमा-गरम भोजन वितरित किया गया।
उल्लेखनीय है कि अग्र सेवा दल पिथौरा में समय-समय पर इस तरह के सेवा कार्य आयोजित करता रहता है। इसी कड़ी में, दल के सक्रिय सदस्य अमित गोयल ने अपने जन्मदिवस को सेवा के नाम समर्पित किया। अग्र सेवा दल की यह विशेषता रही है कि यहाँ सदस्य व्यक्तिगत खुशी के अवसरों, जैसे जन्मदिन या वर्षगांठ, को फिजूलखर्ची के बजाय मानवता की सेवा में लगाकर समाज को एक नई दिशा दे रहे हैं।
भोजन वितरण के दौरान दल के सदस्यों ने कहा कि जरूरतमंदों के चेहरे पर आने वाली मुस्कान ही हमारी असली उपलब्धि है। अग्र सेवा दल का यह निरंतर प्रयास न केवल लोगों की भूख मिटा रहा है, बल्कि समाज में एकजुटता और संवेदनशीलता का संदेश भी प्रसारित कर रहा है।



















