Edition

राम मंदिर निर्माण स्थल पर गूंजे प्रभु के नाम: सुंदरकांड पाठ और भजन संध्या में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ठाकुरदीय खुर्द । महासमुंद/पिथौरा।

श्रीराम मंदिर निर्माण स्थल पर आज उस समय अद्भुत आध्यात्मिक नजारा देखने को मिला, जब पूरा परिसर प्रभु श्री राम और बजरंगबली के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। अवसर था गोपेश्वर बालसखा मानस परिवार द्वारा आयोजित भव्य सुंदरकांड पाठ, श्री हनुमान चालीसा गान एवं विशाल भजन संध्या का। इस भक्तिमय आयोजन में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर पुण्य लाभ कमाया।

प्रभु श्रीरामचन्द्र सनातन चेतना संस्थान समिति एवं मंगलमय श्रीराम रसोई परिवार के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद मानस परिवार के सदस्यों द्वारा सुमधुर संगीत की धुन पर सुंदरकांड का सस्वर पाठ किया गया। संगीत के सुरों और राम नाम की महिमा ने वहां मौजूद हर एक श्रद्धालु को भाव-विभोर कर दिया।

सुंदरकांड और हनुमान चालीसा के समापन के बाद देर शाम तक भजनों का दौर चलता रहा, जिसमें गायकों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। पूरा माहौल पूरी तरह से राममय नजर आया। कार्यक्रम के उपरांत समिति द्वारा संचालित श्रीराम रसोई में विशाल भंडारे (प्रसादी) का आयोजन किया गया, जहाँ सभी भक्तों ने कतारबद्ध होकर महाप्रसाद ग्रहण किया।

सफल आयोजन के बाद प्रभु श्रीरामचन्द्र सनातन चेतना संस्थान समिति एवं मंगलमय श्रीराम रसोई परिवार के पदाधिकारियों ने गोपेश्वर बालसखा मानस परिवार के सभी सदस्यों का हृदय से आभार जताया और उनका अभिनंदन किया। समिति के सदस्यों ने कहा कि मानस परिवार द्वारा किया गया यह भक्ति और सेवा का कार्य अत्यंत सराहनीय एवं अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने बजरंगबली से सभी के कल्याण और सुखी जीवन की कामना की।

विज्ञापन
pithorawale
Author: pithorawale

विज्ञापन

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!