झिलमिला स्कूल के समर कैम्प में छाया छत्तीसगढ़ी संस्कृति का रंग, वैदिक गणित ने बच्चों को किया मंत्रमुग्ध
सरायपाली/ पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला झिलमिला में चल रहे समर कैम्प का सातवां दिन सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों के नाम रहा। बच्चों ने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की धुन पर ‘सुदामा चरित्र’ पर आधारित नृत्य नाटिका का मंचन किया। विशेष वेशभूषा और भाव-भंगिमाओं से सजी इस प्रस्तुति ने सच्ची मित्रता और सामाजिक समभाव का संदेश दिया। नाटिका के जीवंत अभिनय ने सभी का मन मोह लिया।
इसी दिन गणित को आसान बनाने के लिए बसना के करनापाली से आए विषय विशेषज्ञ वीरेन्द्र कर ने वैदिक गणित के टिप्स सिखाए। अतिथि शिक्षक के रूप में उन्होंने बच्चों को बिना डरे मौखिक और मनगणित से झटपट सवाल हल करने के गुर बताए। उनकी ट्रिक्स ने बच्चों को खूब बांधे रखा और गणित का डर दूर किया।
कैम्प के सभी सत्रों में शिक्षकों, स्टाफ और बच्चों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया।


























