शासकीय प्राथमिक शाला सिरशोभा में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
सरायपाली। शासकीय प्राथमिक शाला सिरशोभा में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम ज्ञान की देवी मां सरस्वती, भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर तिलक-चंदन एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
तत्पश्चात उपस्थित अतिथियों का तिलक-चंदन कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष श्रीमती बिलासिनी चौहान, स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती दुवास मोती, पालक श्रीमती कामिनी भोई, रसोइया, विद्यार्थियों एवं आंगनवाड़ी के बच्चों द्वारा प्रधान पाठक दुर्वादल दीप, सहायक शिक्षक राजकुमार भोई एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती उत्तरा नायक का तिलक-चंदन कर सम्मान किया गया। बच्चों एवं उपस्थित जनों ने नारियल, डायरी, पेन एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर शिक्षकों के प्रति अपना सम्मान एवं श्रद्धा व्यक्त करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रधान पाठक दुर्वादल दीप ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सहायक शिक्षक राजकुमार भोई ने गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं उनके शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के संबंध में जानकारी दी। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती उत्तरा नायक ने बच्चों को गुरुजनों द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने एवं जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अवसर पर बच्चों के लिए नेवता भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें खीर, पूड़ी, बूंदी, सेव एवं चॉकलेट का वितरण किया गया। इस दौरान आराध्या स्पोर्ट्स एवं स्टेशनरी के संचालक कैलाश प्रधान द्वारा बच्चों के गणितीय विकास को ध्यान में रखते हुए विद्यालय के सभी बच्चों को पहाड़ा प्रदान किया गया।
विद्यालय परिवार ने कैलाश प्रधान के इस सराहनीय एवं नेक कार्य के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। शिक्षक दिवस का यह आयोजन बच्चों, शिक्षकों, पालकों एवं ग्रामीणजनों के लिए प्रेरणादायी एवं उत्साहपूर्ण रहा।





















