चारभाठा में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन
सरायपाली। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चारभाठा, विकासखंड सरायपाली, जिला महासमुंद ,में शिक्षक दिवस समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं धूप दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं गुरुजनों के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त किये।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य नरेश कुमार पारेश्वर सह सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं संस्कारों का पालन करने की प्रेरणा दी। साथ ही शिक्षकों के राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी विद्यालय हेतु भूमि दान दात्री स्वर्गीय श्रीमती हारा बाई साहू के वंशज राजेंद्र साहू सहित ग्राम के सक्रिय सदस्य मलय साहू, पूर्णचंद साहू, ठंडा राम साहू द्वारा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को गमछा भेंट कर सम्मान किया गया, व सभी शिक्षकों को सेवानिवृत्ति तक चारभाठा में ही सेवा देने हेतु निवेदन किये । विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का छायाचित्र, पेन एवं गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष केशव बेहरा एवं उपाध्यक्ष जय लाल पटेल व अतिथियों ने अपने उद्बोधन में शिक्षकों को समाज एवं राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए उनके अमूल्य योगदान की सराहना किए ।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक शिक्षिकाएं, पूर्व सेवानिवृत प्राचार्य,विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक एवं समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यार्थियों द्वारा किया गया तथा अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।





















