Edition

शासकीय प्राथमिक शाला सिरशोभा में विशेष त्रैमासिक बैठक का आयोजन, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर हुई विस्तृत चर्चा

शासकीय प्राथमिक शाला सिरशोभा में विशेष त्रैमासिक बैठक का आयोजन, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर हुई विस्तृत चर्चा

सरायपाली– शासकीय प्राथमिक शाला सिरशोभा में शाला प्रबंधन समिति, जनप्रतिनिधियों, पालकों एवं शिक्षकों की विशेष त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा ज्ञान की देवी मां सरस्वती, भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना कर किया गया।

बैठक में शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों, पालकों एवं शिक्षकों के बीच विद्यालय के शैक्षणिक एवं भौतिक विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में सर्वप्रथम त्रैमासिक परीक्षा परिणाम की जानकारी पालकों को देते हुए प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक प्रगति पर चर्चा की गई। इसके साथ ही प्रत्येक बच्चे के पालक से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनकी सकारात्मक विशेषताओं, उपलब्धियों, रुचियों एवं सीखने में आ रही कठिनाइयों से अवगत कराया गया। बच्चों की कमजोरियों को दूर करने तथा सीखने के स्तर में सुधार लाने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार की गई।

शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, नियमित अध्ययन, पठन-पाठन, लेखन एवं गणितीय दक्षता, गृहकार्य तथा कक्षा में बच्चों की सक्रिय सहभागिता जैसे विषयों पर चर्चा की गई। कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए अतिरिक्त अभ्यास, उपचारात्मक शिक्षण एवं नियमित निगरानी की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया।

पालक-शिक्षक समन्वय के अंतर्गत बच्चों की नियमित पढ़ाई के लिए घर में अनुकूल वातावरण तैयार करने, मोबाइल का उचित उपयोग कराने तथा पढ़ाई के प्रति रुचि विकसित करने में पालकों की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

विद्यालय विकास के अंतर्गत उपलब्ध संसाधनों, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, मध्यान्ह भोजन, पुस्तकालय, खेलकूद, विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की गई। साथ ही विद्यालय के शैक्षणिक एवं भौतिक विकास में शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं पालकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुझाव लिए गए।

बैठक में सामने आई समस्याओं के समाधान के लिए जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए कार्यों की समय-सीमा तय करने पर भी सहमति बनी।

इस अवसर पर प्रधान पाठक दुर्वादल दीप ने सभी एजेंडों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों की बेहतर शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय, पालक एवं समुदाय के बीच बेहतर समन्वय और सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष बिलासिनी चौहान, उपाध्यक्ष जमुना विश्वकर्मा, सरपंच ताराबाई चौहान, पूर्व शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष अनीता भोई, सदस्य नीलमणी चौहान, नकुल भोई, दिव्यसेनी भोई, प्रतिमा विश्वकर्मा, मंदाकिनी भोई, अनसूईया भोई, रोहित चौहान, ओम प्रकाश नंद, पदमा यादव, उर्मिला भोई, नीला निषाद, राधा बरिहा, लक्ष्मी भोई सहित पालक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन सहायक शिक्षक राजकुमार भोई ने किया

विज्ञापन
Pithora wale
Author: Pithora wale

..

विज्ञापन

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!