सेवा संकल्प अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु रखी गई बैठक
सरायपाली। विकासखंड स्त्रोत केंद्र समग्र शिक्षा भवन सरायपाली में सेवा संकल्प अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु विकासखंड के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों तथा संकुल समन्वयकों की अति आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं के सफल संचालन को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी टीकमचंद पटेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सरायपाली एवं सहायक नोडल अधिकारी टंकेश्वर जायसवाल, व्याख्याता शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गो सरायपाली द्वारा अभियान के उद्देश्यों, कार्यक्रमों एवं क्रियान्वयन की रूपरेखा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सभी विद्यालयों एवं कार्यालयों में अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा अभियान
सेवा संकल्प अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत विभिन्न तिथियों में निम्नलिखित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे—
17 सितंबर 2026: प्रत्येक विद्यालय एवं कार्यालय में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
18 सितंबर 2026: प्रत्येक विद्यालय में ‘सपनों का भारत’ विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित होगी।
19 सितंबर 2026: प्रत्येक विद्यालय में ड्राइंग प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
28 सितंबर 2026: प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए विकासखंड स्तरीय ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी।
1 अक्टूबर 2026: हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों के लिए विकासखंड स्तरीय ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
3 अक्टूबर 2026: प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों के लिए जिला स्तरीय ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी।
बैठक में विकासखंड के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्य तथा संकुल समन्वयक उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार प्रभावी ढंग से संचालित करना तथा विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सामाजिक सरोकार एवं सेवा भावना का विकास करना रहा।




















