Edition

कमजोर नेटवर्क से ग्रामीण परेशान, ऑनलाइन काम भी ठप

कमजोर नेटवर्क से ग्रामीण परेशान, ऑनलाइन काम भी ठप

 

नेटवर्क तलाशने छतों पर चढ़ने को मजबूर ग्रामीण, कॉल ड्रॉप और इंटरनेट की धीमी रफ्तार से बढ़ी परेशानी

 

सरायपाली। मोबाइल नेटवर्क की कमजोर स्थिति ने ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मोबाइल में पर्याप्त रिचार्ज होने के बावजूद ग्रामीणों को ठीक से बात करने के लिए नेटवर्क तलाशना पड़ रहा है। कई जगह घर के अंदर मोबाइल नेटवर्क नहीं मिलने के कारण लोग छत या घर से बाहर जाकर कॉल करने को मजबूर हैं।

 

रोहिना के ग्रामीणों का कहना है कि विभिन्न मोबाइल कंपनियों के टावर सागरपाली में स्थापित हैं। सागरपाली से रोहिना की दूरी महज करीब एक किलोमीटर है, इसके बावजूद इस क्षेत्र में मोबाइल कवरेज ठीक से नहीं मिल पा रहा है। कॉल के दौरान आवाज बार-बार कटना, सामने वाले की आवाज स्पष्ट नहीं आना और कॉल ड्रॉप होना आम समस्या बन गई है। ग्रामीणों का कहना है कि मोबाइल कंपनियां हर महीने रिचार्ज के माध्यम से राशि ले रही हैं, लेकिन उसके अनुरूप नेटवर्क सुविधा नहीं मिल पा रही है।

 

ऑनलाइन काम भी हो रहे प्रभावित

 

कमजोर नेटवर्क का असर केवल मोबाइल बातचीत तक सीमित नहीं है। इंटरनेट की धीमी गति अथवा नेटवर्क गायब रहने से ऑनलाइन भुगतान, जरूरी दस्तावेज डाउनलोड करने, ऑनलाइन आवेदन, पढ़ाई सहित कई डिजिटल कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जरूरी ऑनलाइन काम के लिए ग्रामीणों को बेहतर नेटवर्क वाले स्थानों की तलाश करनी पड़ती है। वहीं, स्कूलों में शिक्षकों की ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज करने में भी नेटवर्क की समस्या सामने आ रही है।

 

छत पर चढ़कर करनी पड़ती है बात

 

ग्रामीण इलाकों में मोबाइल लेकर घर के अलग-अलग हिस्सों में नेटवर्क तलाशना रोजमर्रा की मजबूरी बन गया है। कहीं खिड़की के पास तो कहीं छत पर पहुंचने के बाद ही मोबाइल में सिग्नल दिखाई देते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि डिजिटल दौर में मोबाइल और इंटरनेट सेवा जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर नेटवर्क उपलब्ध कराना जरूरी है।

ग्रामीणों ने संबंधित मोबाइल कंपनियों से क्षेत्र में नेटवर्क व्यवस्था मजबूत करने तथा टावरों की क्षमता बढ़ाने की मांग की है। साथ ही उनका कहना है कि नेटवर्क संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर भी जिम्मेदार विभाग और प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि ग्रामीणों को बार-बार नेटवर्क की तलाश में परेशान न होना पड़ेl

विज्ञापन
Pithora wale
Author: Pithora wale

..

विज्ञापन

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!