पाईकमाल एवं झारबंद में गिरी गोवर्धन पूजा महोत्सव में शामिल हुए सरायपाली के सामाजिक पदाधिकारी
सरायपाली। छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा के पाईकमाल एवं झारबंद में आयोजित गिरी गोवर्धन पूजा महोत्सव में विकासखंड सरायपाली के मगधा यादव समाज के पदाधिकारी एवं सामाजिक बंधु उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इस अवसर पर सभी अतिथियों का मुख्य द्वार पर बाजे-गाजे के साथ तिलक एवं चंदन लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मगधा यादव समाज सरायपाली के ब्लॉक अध्यक्ष हीराधार बगर्ती शामिल हुए। भगवान गिरी गोवर्धन एवं श्री श्री श्री मां समलेश्वरी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के पश्चात अतिथियों को मंचासीन कर पुष्पहार एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
उद्बोधन की कड़ी में मगधा यादव समाज छत्तीसगढ़ के प्रांतीय सचिव दुर्वादल दीप ने गिरी गोवर्धन पूजा के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए यादव समाज की पारंपरिक व्यवसाय को अपनाने, महिला सशक्तिकरण, नशामुक्ति तथा युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज की उन्नति के लिए अपनी परंपरा, संस्कृति और मूल व्यवसाय को सहेजने के साथ शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना आवश्यक है।
शाखा सभा देवलभाटा के सचिव सुरेंद्र भोई ने सामाजिक एकता, यदुवंशी कला एवं संस्कृति को जीवित रखने तथा बालक-बालिकाओं की शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष फकीर कठार ने सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे एवं संगठन की मजबूती पर बल दिया। वहीं शाखा सभा पोड़ागढ़ के संगठन मंत्री रामकृष्ण गजपोड़ ने गिरी गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कई वर्षों से ओडिशा एवं छत्तीसगढ़ के बीच चले आ रहे मधुर सामाजिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख किया।
महोत्सव में यादव समाज के बंधुओं द्वारा कीर्तन धारा, बाहाक एवं यदुवंशी पारंपरिक कला का मनमोहक प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। पूरा आयोजन भक्ति, संस्कृति, परंपरा एवं सामाजिक सद्भाव के रंग में सराबोर रहा।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष हीराधार बगर्ती, संरक्षक नीलांबर भोई, प्रांतीय सचिव दुर्वादल दीप, कार्यकारी अध्यक्ष फकीर कठार, जिला सचिव ओम प्रकाश छत्रपति, ब्लॉक कोषाध्यक्ष विजय महाकुर, ब्लॉक सचिव लखपति यादव, शाखा सभा देवलभाटा अध्यक्ष कृष्टो चन्द्र टाणी, सचिव सुरेंद्र भोई, सहसचिव प्रेम लाल यादव, सलाहकार प्रकाश यादव, शाखा सभा पोड़ागढ़ के संगठन मंत्री रामकृष्ण गजपोड़, सचिव संपत बाग, शाखा सभा देवलभाटा के कोषाध्यक्ष बिम्बाधर बांक, पोड़ागढ़ सलाहकार निरंजन कठार तथा सदस्य श्वेत कुमार, बिहारी नाग एवं जन्मजय यादव सहित अनेक सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।
इस प्रकार गिरी गोवर्धन पूजा महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण एवं ओडिशा-छत्तीसगढ़ के पारस्परिक सौहार्द को मजबूत करने का प्रेरणादायी अवसर बना।























