Edition

शुभा नर्सिंग होम में शिक्षक सम्मान समारोह

शुभा नर्सिंग होम में शिक्षक सम्मान समारोह

सरायपाली। शुभा नर्सिंग होम एवं शुभा सेवा संस्थान सरायपाली के संयोजन में 6 सितंबर 2026 को “शिक्षक सम्मान समारोह” का आयोजन शुभा नर्सिंग होम सरायपाली के हाल में आयोजित किया गया। उक्त कार्यक्रम में सरायपाली अंचल के स्कूलों एवं कॉलेज में कार्यरत एवं समर्पित 20 शिक्षकों को सम्मान स्वरूप प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो, एवं शॉल – श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्र के सुप्रसिद्ध रामायणी कलाकार एवं प्रधान पाठक, (शास. प्राथ.आश्रम शाला डूडूमचुवां) डींगरदास वैष्णव एवं राज्यपाल शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित व्याख्याता शैलेंद्र कुमार नायक (शाउमावि केना) रहे।

उक्त कार्यक्रम का आयोजन शुभा नर्सिंग होम एवं शुभा सेवा संस्थान के संचालक द्वय डॉक्टर भागेश्वर पटेल एवं डॉक्टर सुजाता पटेल ने सहृदयता से राष्ट्र निर्माण में जुड़े हुए समर्पित कार्य करने वाले एवं अपने बच्चों में भारत माता के स्वरूप को देखकर सेवाभाव से पूजन करने वाले, समाज को आगे बढ़ाने वाले शिक्षकों का सम्मान किया। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि हमारे समाज में शिक्षकों को दिया जाने वाला यह सम्मान केवल एक साधारण औपचारिकता नहीं बल्कि हमारे अंतर मन से निकला हुआ कृतज्ञता का भाव है। अपने विचारों, कर्मों और सेवा भावना से जो आलोक समाज में बिखेर रहे हैं। शिक्षक न केवल प्रेरणास्रोत हैं, बल्कि सच्चे अर्थों में मानवता के दूत हैं। अतः उनका सम्मान करते हुए हमारी संस्था शुभा नर्सिंग होम एवं शुभा सेवा संस्थान सरायपाली अत्यंत गौरवान्वित है। हमारे संस्थान आपकी समर्पित साधना, सामाजिक चेतना और अनुकरणीय योगदान हेतु आपको सहृदय सम्मान अर्पित करता है। आपका कर्म ही आपकी पहचान है और यह सम्मान इस पहचान को नमन करता है।

अतिथि के रूप में विराजमान राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता शैलेंद्र नायक ने मानव जीवन में गुरु और माता के विशिष्ट योगदान को उल्लेखित करते हुए कहा कि माताएं अपने बच्चों को शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए नैसर्गिक संपोषण प्रदान करतीं हैं, वहीं गुरु अपने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पृष्ठभूमि तैयार करता है। बौद्धिक और व्यावहारिक ज्ञान हेतु उन्हें प्रेरणा देते हुए उनका मार्गदर्शन करता है। उन्हें राष्ट्र सेवा, विश्वबंधुत्व के भाव से जोड़कर संपूर्ण समाज की सेवा करने हेतु प्रेरित करता है।

स्वागत उद्बोधन में डॉक्टर सुजाता पटेल (स्त्री रोग विशेषज्ञ) ने समस्त अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि शुभा नर्सिंग होम एवं शुभा सेवा संस्थान के माध्यम से स्थानीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सुलभ एवं न्यून आर्थिक व्यय पर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना हमारा परम उद्देश्य है। इसके साथ ही समाज के प्रत्येक व्यक्ति को स्वस्थ जीवन शैली के लिए प्रेरित करना और मार्गदर्शन देना प्राथमिकता है। हम अपने क्षेत्र के लोगों की सेवा के सदैव तत्पर हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डींगरदास वैष्णव ने समाज के सभी क्षेत्रों में शिक्षकों को आगे आकर सेवाभाव से समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित किया साथ ही साथ उन्होंने अपने सभी बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रयास करने हेतु सभी शिक्षकों को प्रेरित किया। उन्होंने समरसता की बात करते हुए भारत के प्राचीन इतिहास के तथ्यों को रखते हुए कहा कि भारत का प्रत्येक समाज जब तक सबल नहीं होगा तब तक भारत मां की जय नहीं हो सकती और यदि इस कार्य को कोई कर सकता है तो वह हमारे शिक्षक हैं। इसलिए हमारे शिक्षकों को भारतमाता की सेवा का यह कार्य जो मिला है, उसे अपने तन मन धन से पूरा करना होगा। इस सेवा कार्य को आगे बढ़ाना होगा जिसे प्राचीन काल से ही हमारे ऋषि मुनियों ने और आचार्यों ने अपने आचरण से साबित किया है। इस अवसर पर शिक्षक साथियों में से पीताम्बर बाघ, श्रीमती शांति मिश्रा, प्रवीण प्रधान, वर्षा नंद आदि ने अपने विचारों को मंच पर साझा किया।

*सम्मानित होने वाले शिक्षकों में डींगरदास वैष्णव, शैलेन्द्र कुमार नायक, वीरेन्द्र कर, पीताम्बर बाघ, प्रवीण प्रधान, हेमसागर प्रधान, देवेश भोई, श्रीमती शांति मिश्रा, वर्षा नंद, उमा साहू, मंजू साहू, प्रकाश मिश्र…. आदि शामिल हैं।*

उल्लेखनीय है कि “शुभा नर्सिंग होम” एवं “शुभा सेवा संस्थान” के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न सामाजिक हित के कार्य सतत् रूप से संचालित होते रहते हैं, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, वृहत वृक्षारोपण अभियान, नशामुक्ति अभियान, बालिका शिशु के जन्म पर आर्थिक सहयोग एवं औषधि कीट का उपहार, प्रत्येक गुरुवार को गर्भवती महिलाओं के लिए सोनोग्राफी में विशेष रियायत, समय-समय पर किशोरी बालिकाओं के लिए स्वास्थ्य मार्गदर्शन आदि प्रमुख गतिविधियां शामिल हैं। इसके अलावा शासन स्तर की स्वास्थ्य योजनाओं को लाभ देने की विशिष्ट पहल भी की जाती है।

कार्यक्रम के अंत में सम्मानित सभी शिक्षकों ने माह में एक बार शोभा नर्सिंग होम में आकर आर्थिक रूप से कमजोर एवं पीड़ितों के सेवार्थ विशेष अभियान एवं सेवा सहयोग का वचन दिया। समापन हनुमान चालीसा के सस्वर गायन के साथ हुआ। आयोजन के समस्त सहभागियों के लिए अल्पाहार एवं मिष्ठान्न की व्यवस्था की गयी थी। इस शिक्षक सम्मान समारोह में शुभा नर्सिंग होम के समस्त स्टाफ एवं ग्रामीण जनों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन वीरेन्द्र कर ने किया एवं आभार सह धन्यवाद ज्ञापन संस्थान के संचालक डॉक्टर भागेश्वर पटेल ने किया।

विज्ञापन
Pithora wale
Author: Pithora wale

..

विज्ञापन

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!