नशे के सौदागरों पर कड़ा प्रहार, ओडिशा के 2 मुख्य गांजा सप्लायर गिरफ्तार
बसना :- एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और महासमुंद पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। थाना बसना के 46.600 किलो गांजा बरामदगी मामले में पुलिस ने ओडिशा के कालाहांडी से 2 मुख्य गांजा सप्लायरों को गिरफ्तार किया है।
मामला 01 अगस्त 2025 का है। रात 9 बजे बसना पुलिस थाना के सामने मौजूद थी। तभी ओडिशा पदमपुर की ओर से आ रही कार क्रमांक HR 47 D 6022 पुलिस की नाकाबंदी देखकर तेज गति से बिलाईगढ़ रोड की ओर भागने लगी।
पुलिस ने पीछा किया तो तस्कर जगदीशपुर रोड स्थित खेमड़ा तालाब के पास बसना में गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गवाहों के सामने कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट में रखी 3 प्लास्टिक बोरियों से कुल 46.600 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। थाना बसना में अपराध क्रमांक 300/2025 धारा 20(ख) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। जब्त संपत्ति की कीमत 18 लाख 20 हजार रुपये है।
तकनीकी जांच से खुला पूरा नेटवर्क:
पुलिस ने जप्त वाहन के स्वामित्व, टोल के फास्टैग विवरण, मोबाइल टावर लोकेशन, CAF और CDR का सूक्ष्म विश्लेषण किया।
जांच में पता चला कि मध्यप्रदेश के 3 अंतर्राज्यीय तस्कर – अंकित पाल उर्फ बाबा पाल, आकाश कुशवाहा और पुष्पराज सिंह तोमर (सभी भोपाल / रायसेन, म.प्र.) ओडिशा से गांजा खरीदकर म.प्र. ले जा रहे थे। पुलिस ने तीनों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर चालान पेश कर दिया था।
लेकिन पुलिस ने यहीं रुकना नहीं, जड़ तक जाने की ठानी। CDR, मीटिंग पॉइंट और कॉल विवरण से पुष्टि हुई कि 31.07.2025 को ग्राम मार्डिंग, जिला कालाहांडी (ओडिशा) में सप्लायरों ने ही तस्करों को गांजा दिया था।
04 नवंबर को गिरफ्तार हुए मुख्य सप्लायर:
पुख्ता तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दिनांक 04.11.2026 को उड़ीसा के दोनों मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया –
1. अजेश नायक (27) पिता नबीशा नायक, ग्राम मार्डिंग, थाना एम. रामपुर, कालाहांडी (ओडिशा)
2. फिलिप नायक (30) पिता नबीशा नायक, निवासी उपरोक्त
इस प्रकार महासमुंद पुलिस ने गाड़ी छोड़कर भागे तस्करों से लेकर गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य सप्लायरों तक पूरे अंतर्राज्यीय नेटवर्क को धारा 20(ख)(ii)(c), 29 NDPS एक्ट के तहत ध्वस्त कर दिया।























