Edition

युवा संवाद कार्यक्रम में स्वप्निल तिवारी ने युवाओं को किया प्रेरित, कहा– राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और प्रगति का आधार हैं युवा

युवा संवाद कार्यक्रम में स्वप्निल तिवारी ने युवाओं को किया प्रेरित, कहा– राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और प्रगति का आधार हैं युवा

पिथौरा। शासकीय चंद्रपाल डड़सेना महाविद्यालय में विद्यार्थियों की प्रतिभा, वैचारिक क्षमता एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तात्कालिक प्रश्नोत्तरी एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी, कार्यक्रम प्रभारी एवं युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष विजय नायक, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र पांडे, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला महामंत्री जीवन टांडी, प्रभारी प्राचार्य शेखर कानूनगो एवं डॉ. एस.एस. दीवान द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

मुख्य वक्ता स्वप्निल तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और उसकी प्रगति का आधार होते हैं। देश का भविष्य युवाओं के विचारों, संस्कारों, ज्ञान और संकल्प पर निर्भर करता है। वर्तमान समय केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित रहने का नहीं, बल्कि ज्ञान, कौशल, तर्कशक्ति एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का है।

 

उन्होंने कहा कि युवा संवाद जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी बात रखने, समसामयिक विषयों पर विचार करने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। तात्कालिक प्रश्नोत्तरी से सामान्य ज्ञान, जागरूकता एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है, वहीं निबंध प्रतियोगिता विचारों को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करने का माध्यम बनती है।

श्री तिवारी ने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में आज के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके लिए शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्रप्रेम, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं भारतीय संस्कृति के प्रति सजग रहना भी आवश्यक है।

युवाओं को गुमराह करने वाले तत्वों से सतर्क रहने की अपील

अपने संबोधन में स्वप्निल तिवारी ने युवाओं से सामाजिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों में भाग लेते समय सजग और विवेकशील रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि कई बार कुछ तत्व आंदोलनों के नाम पर युवाओं को गुमराह कर तोड़फोड़, हिंसा एवं अराजक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने का प्रयास करते हैं। युवाओं को ऐसे किसी भी बहकावे में आने से बचना चाहिए और किसी विषय की वास्तविकता समझने के बाद ही अपनी प्रतिक्रिया देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करना, सवाल पूछना और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन लोकतांत्रिक मर्यादाओं एवं कानून का पालन करना भी उतना ही आवश्यक है। किसी भी आंदोलन या विरोध प्रदर्शन में हिंसा, तोड़फोड़ अथवा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। सार्वजनिक संपत्ति देश की सामूहिक धरोहर है और उसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे किसी के बहकावे में आकर अपने भविष्य और करियर को दांव पर न लगाएं, बल्कि अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, कौशल विकास, सामाजिक सेवा, रचनात्मक गतिविधियों एवं राष्ट्र निर्माण में करें। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा वही है, जो अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझता है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में सकारात्मक भूमिका निभाता है।

श्री तिवारी जी ने कहा कि प्रतियोगिताओं में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण उनमें सहभागिता निभाना, नई चीजें सीखना और स्वयं को बेहतर बनाना है। युवाओं को अपनी प्रतिभा एवं ऊर्जा का उपयोग समाज और राष्ट्र के निर्माण में करना चाहिए।

निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेता हुए सम्मानित

कार्यक्रम के समापन पर दोनों प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए। निबंध प्रतियोगिता में प्रिंसी विशाल ने प्रथम, संस्कृति पाटकर ने द्वितीय एवं लुभांशु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं तात्कालिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में धर्मेंद्र प्रथम, पार्वती सिदार द्वितीय एवं रंजन साहू तृतीय स्थान पर रहे।

सभी विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा स्मृति चिह्न एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर महाविद्यालय के पी.आर. ठाकुर, वी.एस. विशाल, सुश्री टिकेश्वरी ध्रुव, जितेन्द्र पटेल सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, युवा मोर्चा के पदाधिकारी, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विज्ञापन
pithorawale
Author: pithorawale

विज्ञापन

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!