भाजपा सरकार ने आम जनता को महंगाई के शिकंजे में जकड़ा, महासमुंद में ई-चालान के नाम पर अंधाधुंध वसूली जारी: गुरमीत चावला
महासमुंद: वर्ष 2014 में देश में हुए बड़े राजनीतिक परिवर्तन के समय आम जनता ने उम्मीद जताई थी कि यह सरकार उनकी चिंता करेगी और उनके जीवन को सरल बनाएगी। लेकिन आज जनता को यह भली-भांति एहसास हो चुका है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने उन्हें महंगाई के शिकंजे में जकड़ लिया है और उनका जीवन दूभर कर दिया है। भाजपा सरकार का एकमात्र उद्देश्य केवल आम जनता की जेब पर अतिरिक्त आर्थिक भार डालना रह गया है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी बेहद महंगी और कठिन हो गई है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला ने एक जारी बयान में कहा कि महासमुंद में लगे 360-डिग्री कैमरों के माध्यम से जो वसूली अभियान शुरू किया गया है, वह भाजपा शासन के जनविरोधी रवैये का ताजा उदाहरण है। विगत 6 महीनों के भीतर लाखों रुपये का चालान महासमुंद वासियों पर थोप दिया गया है। जब इस विषय में पूछा जाता है, तो पुलिस विभाग का तर्क होता है कि यह कदम लोगों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करने के लिए उठाया गया है।
गुरमीत चावला ने सवाल उठाया कि जब 6 महीने बीत जाने और जनता से लाखों रुपये वसूलने के बाद भी धरातल पर हेलमेट को लेकर कोई जागरूकता नजर नहीं आ रही है, तो फिर इस कार्रवाई से वसूले जा रहे लाखों रुपये का उपयोग आखिर कहां हो रहा है?
शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने खस्ताहाल सड़कों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आज शहर और आसपास की सड़कों की हालत बदतर हो चुकी है। सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिनके कारण सफर करने वाले आम लोगों को रोजाना भारी परेशानियों और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन इस ओर न तो प्रशासन का ध्यान है और न ही सड़कों की मरम्मत कराई जा रही है। यदि प्रशासन सचमुच जनता की सुरक्षा को लेकर गंभीर है, तो चालान से वसूले गए पैसों का हिसाब सार्वजनिक करे और खराब सड़कों को तुरंत ठीक कराए।
गुरमीत चावला ने शासन-प्रशासन से तीखे सवाल करते हुए पूछा कि क्या हेलमेट के नाम पर चालान का यह भारी-भरकम बोझ अब आम आदमी के जीवन का स्थायी हिस्सा बन चुका है? उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई, खस्ताहाल सड़कों की दुर्दशा और इस प्रकार की दमनकारी वसूली से जनता के भीतर भारी आक्रोश पनप रहा है, जो आने वाले समय में सड़कों पर जरूर फूटेगा। समय रहते यदि प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं देता है, तो कांग्रेस पार्टी आम जनता के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी।




















