Edition

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी प्रदेशवासियों को बधाई, 2047 तक विकसित राज्य बनाने का किया आह्वान

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी प्रदेशवासियों को बधाई, 2047 तक विकसित राज्य बनाने का किया आह्वान


रायपुर।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के समस्त नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के गठन के 26 वर्ष पूरे होना प्रदेश के लिए गर्व और गौरव का विषय है। यह अवसर राज्य की अब तक की विकास यात्रा को याद करने और आने वाले समय के लिए नए लक्ष्य निर्धारित करने का भी है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी विचारों और मजबूत संकल्प के परिणामस्वरूप अलग छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हो सका। पृथक राज्य बनने से यहां के लोगों को अपनी अलग पहचान मिली और प्रदेश के विकास के लिए नए अवसर सामने आए। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार अटल जी के विकसित एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के सपने को पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार का राज्योत्सव कई दृष्टियों से खास और ऐतिहासिक है। छत्तीसगढ़ पहली बार लाल आतंक से मुक्त होकर शांति, सुरक्षा, विश्वास और विकास के नए दौर में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रभावी नेतृत्व, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और डबल इंजन सरकार के लगातार प्रयासों से यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। इस उपलब्धि में सुरक्षा बलों के जवानों के अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान की अहम भूमिका रही है। प्रदेश उनके योगदान को हमेशा सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद रखेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरकार का प्रमुख उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक गांव तक खुशहाली पहुंचाना, युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर देना और विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना है। छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपराएं, सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और मेहनतकश जनता की क्षमता राज्य को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे ले जा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल अपनी उपलब्धियों का उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि भविष्य के लिए नई जिम्मेदारियां और संकल्प तय करने का भी दिन है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को समृद्ध, आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित राज्य बनाने में अपना योगदान देने की अपील की।

विज्ञापन
विज्ञापन

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!