‘लड़का चिन्हारी ऐप’ से जुड़ेंगे शाला त्यागी बच्चे, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश; 184 संकुल समन्वयकों व बीआरसीसी को मिला प्रशिक्षण
महासमुंद। जिला परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा महासमुंद के तत्वावधान में आज जिले के 184 संकुल समन्वयकों एवं बीआरसीसी का एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस विशेष प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य लड़का चिन्हारी ऐप के माध्यम से शाला त्यागी (ड्रॉपआउट) और विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों की सटीक पहचान कर उन्हें दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।
*कलेक्टर ने दिए कड़े निर्देश: बुनियादी सुविधाओं और पढ़ाई की गुणवत्ता पर जोर*
प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने अधिकारियों और समन्वयकों को दो टूक निर्देश दिए कि वे अपने संकुल के अंतर्गत आने वाले स्कूलों की मैदानी वास्तविकताओं पर कड़ी नजर रखें।
*स्कूल भवनों और बुनियादी सुविधाएं:* कलेक्टर ने कहा कि संकुल समन्वयक विद्यालयों के भवनों की स्थिति का गंभीरता से निरीक्षण करें। जिन स्कूलों में मरम्मत, अतिरिक्त कक्ष या शौचालयों की आवश्यकता है, उनके प्रस्ताव तत्काल तैयार कर प्रस्तुत किए जाएं।
*रेमेडियल टीचिंग और परीक्षा परिणाम:* तिमाही परीक्षा के बाद सभी कक्षाओं के परीक्षा परिणामों की समीक्षा की जाए। कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए उपचारात्मक शिक्षण (रेमेडियल टीचिंग) की विशेष व्यवस्था की जाए।
*शिक्षकों की गरिमा और उपस्थिति:* स्कूलों में बच्चों व शिक्षकों की शत-प्रतिशत नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षक बच्चों के रोल मॉडल होते हैं, इसलिए उन्हें विद्यालय में अपनी गरिमा, आचरण और मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
*अपार आईडी और किचन गार्डन:* अपार आईडी से वंचित विद्यार्थियों के लिए विशेष अभियान चलाने, बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनवाने में मदद करने तथा हर स्कूल में किचन गार्डन विकसित करने पर विशेष बल दिया गया।
*मोबाइल का सकारात्मक उपयोग:* कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि मोबाइल का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि बच्चों की गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई और विषयों की कठिनाइयों को दूर करने के लिए किया जाना चाहिए।
*शिक्षा अधिकारियों की दो टूक: कोई बच्चा न छूटे पढ़ाई से*
जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी.एल. देवांगन ने कहा कि शाला त्यागी बच्चों का चिन्हांक कर उन्हें शिक्षा से जोड़ना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। संकुल समन्वयक स्कूलों की प्रगति मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
डीएमसी श्री रेखराज शर्मा ने कहा कि यदि समन्वयक दृढ़ संकल्प के साथ काम करें तो कोई लक्ष्य कठिन नहीं है। उन्होंने लड़का चिन्हारी ऐप के शत-प्रतिशत उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि हमारा एकमात्र लक्ष्य यह होना चाहिए कि जिले का कोई भी बच्चा ड्रॉपआउट न हो, क्योंकि हर एक बच्चा हमारे लिए महत्वपूर्ण है।
*लड़का चिन्हारी ऐप की तकनीकी कार्यशाला*
प्रशिक्षण के दौरान सेव्यन प्रभारी एवं एपीसी श्री अजय भोई ने सभी कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, मास्टर ट्रेनर श्री सुबोध तिवारी ने ऐप को डाउनलोड करने से लेकर सर्च करने की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक (हैंड्स-ऑन) प्रशिक्षण दिया।
इस अवसर पर एपीसी श्री धनवंतरी सिन्हा, श्री भोजराम निषाद, बीआरसीसी श्री जागेश्वर सिन्हा, श्री अनिल साव, श्री मनोज चक्रधारी सहित जिलेभर से आए सभी संकुल समन्वयक उपस्थित रहे।























